कार्यशालाः विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को करियर की संभावनाओं से कराया अवगत साइबर सिक्योरिटी में रोजगार के अवसर बताए पत्रिका न्यूज नेटवर्क patrika.com प्रतापगढ़. नीमच रोड स्थित एपीसी महाविद्यालय में आईटी सेल के तत्वावधान में साइबर सिक्योरिटी के क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं और करियर मार्गदर्शन पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित हुई। इसमें कर्णावती विश्वविद्यालय के प्रोफेसर विशाल वशिष्ठ और आईटी विशेषज्ञ डॉ. अरुण वैष्णव ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं और इस क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी दी। मुख्य वक्ता प्रोफेसर विशाल वशिष्ठ ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर सिक्योरिटी का महत्व लगातार बढ़ रहा है। इंटरनेट, ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल सेवाओं के बढ़ते उपयोग के कारण साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की मांग भी बढ़ रही है। विद्यार्थियों के लिए एथिकल हैकिंग, नेटवर्क सिक्योरिटी और डेटा प्रोटेक्शन जैसे क्षेत्रों में करियर बनाने की व्यापक संभावनाएं है। डॉ. अरुण वैष्णव ने कहा कि साइबर सुरक्षा वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल भी विकसित करना चाहिए। नियमित प्रशिक्षण और नवीनतम तकनीकों का अध्ययन कर युवा इस क्षेत्र में बेहतर रोजगार प्राप्त कर सकते है। प्राचार्य डॉ. संजय गील ने कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ रोजगारोन्मुखी ज्ञान देना है। आईटी सेल के माध्यम से आयोजित ऐसी कार्यशालाएं विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी क्षेत्र की आवश्यकताओं से परिचित करवाती है और उनके करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। व्याख्याता बीएल आंजना ने कहा कि साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता प्रत्येक विद्यार्थी के लिए आवश्यक है। डिजिटल संसाधनों का सुरक्षित उपयोग करने के साथ तकनीकी शिक्षा और व्यावहारिक प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देना चाहिए।